स्कूल शिक्षा मंत्री डा. प्रेमसाय सिंह टेकाम जारी करेंगे परीक्षाओं के परिणाम।
छत्तीसगढ़ राज्य ओपन रायपुर की ओर से 12वीं बोर्ड परीक्षा 2021 का परिणाम 31 जुलाई शनिवार को जारी किया जाएगा। परिणाम दोपहर 12 बजे स्कूल शिक्षा मंत्री डाक्टर प्रेमसाय सिंह टेकाम जारी करेंगे। कोरोना के मद्देनजर परिणाम आनलाइन वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से जारी किया जाएगा। 12वीं बोर्ड परीक्षा में करीब 70 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए हैं।
ओपन स्कूल के सचिव प्रोफेसर वीके गोयल ने बताया कि परिणाम जारी होते हुए इसे ओपन स्कूल के वेबसाइट पर प्रसारित कर दिया जाएगा। परीक्षार्थी वेबसाइट https://sos.cg.nic.in और वेबसाइट https://results.cg.nic.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। इसमें छात्र-छात्राओं को अपना रोल नंबर अंकित करना होगा। इसके बाद आपका परिणाम आपके सामने डिस्प्ले हो जाएगा।
परिणाम जल्द आने से छात्र-छात्राओं को होगा फायदा
कोरोना के कारण भले ही इस बार परीक्षाएं देरी से हुईं थी लेकिन ओपन स्कूल की ओर से परिणाम समय पर निकाला जा रहा है जो परीक्षार्थी कालेज की पढ़ाई करना चाहते हैं उनके लिए यह सुनहरा अवसर होगा। एक अगस्त से कालेजों में दाखिले के लिए प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। मालूम हो कि इस बार कोरोना संक्रमण से रोकथाम के लिए छात्रों को घर से ही परीक्षा देने की व्यवस्था की गई थी। यहीं वजह है कि इस दफा प्रावीण्य सूची जारी नहीं करने का निर्णय लिया गया है।
इसके पहले 25 जुलाई को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित हायर सेकेण्डरी स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा वर्ष 2021 का परिणाम आनलाइन घोषित किया गया था। घोषित परीक्षाफल 97.43 प्रतिशत था। इसमें उत्तीर्ण बालिकाओं का प्रतिशत 98.06 और बालकों का प्रतिशत 96.69 था।