रायपुर : छत्तीसगढ़ में टूलकिट मामले में भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत, श्रीचंद सुंदरानी, आरडीए के पूर्व अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव सहित अन्य नेता गिरफ्तारी देने राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाने में धरने पर बैठे हैं।
गौरतलब हो कि जिला और ब्लॉक कांग्रेस इकाइयों द्वारा दो दिन पहले प्रदेश के अलग-अलग थानों में भाजपा नेताओं के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई गई है. इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से लेकर प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह समेत अन्य नेताओं का नाम शामिल किया गया है. वही भाजपा नेताओं ने एफ आईआर दर्ज किए जाने के विरोध में अपने-अपने घरों में धरना-प्रदर्शन किया था।
प्रदेशभर में टूलकिट मामले को लेकर जिला मुख्यालयों में भाजपा के जिला अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा धरना प्रदर्शन कर गिरफ्तारी की मांग की गई। बिलासपुर में नेताप्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिविल लाईन थाना बिलासपुर में पहुंचकर धरना प्रदर्शनकर गिरफ्तारी की मांग की।
वहीं दुर्ग में पूर्व सीएम रमन सिंह के खिलाफ नोटिस जारी होने के बाद छत्तीसगढ़ के बीजेपी नेता इस मुद्दे पर आरपार की लड़ाई में जुट गए हैं। कांग्रेस सरकार के खिलाफ राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय धरने पर बैठी हैं।
दुर्ग के सिटी कोतवाली के सामने सरोज पांडेय का धरना जारी है। उनके साथ धरने में भाजपा नेता लाभचंद बाफ ना, जिला अध्यक्ष शिवकुमार तमेर भी शामिल है। धरना प्रदर्शन कोरोना गाइडलाईन के अनुसार किया जा रहा है।
सिविल लाईन थाना रायपुर में धरने पर बैठे बृजमोहन अग्रवाल, राजेश मूणत, श्रीचंद सुंदरान एवं संजय श्रीवास्तव के अतिरिक्त अन्य कोई कार्यकर्ता थाना परिसर में मौजूद नहीं है। अन्य कार्यकर्ता थाने के बाहर सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते हुए दूर-दूर खड़े रहकर मामले का विरोध दर्ज कराते दिखे।
महासमुंद में भाजपा नेताओं का जेल भरो आंदोलन जारी है। राम विचार नेताम समेत अन्य नेता कोतवाली थाना पहुंचे हैं। भाजपा नेता अपनी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।