सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रेत माफिया प्रशासन पर हावी हो गए हैं. जिले के पचिरा में रेत का अवैध भंडारण किया जा रहा था. जिसकी जांच करने खनिज विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी. इसी दौरान रेत माफियाओं ने अधिकारी पर हमला कर दिया. जिससे खनिज अधिकारी को शरीर पर चोटें आई हैं. माफियाओं ने खनिज अधिकारी के वाहन में भी तोड़फोड़ की है. हालांकि मामले की शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने 4 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
खनिज अधिकारी पर माफियाओं ने किया हमला
दरअसल शुक्रवार की सुबह खनिज विभाग की टीम पचिरा में छापेमारी करने पहुंची थी. जहां करीब 30-40 ट्रैक्टर रेत भंडारण करते पकड़े गए. रेत माफियाओं से पूछताछ करने पर खनिज अधिकारी संदीप नायक के साथ गाली-गलौच करने लगे. इसके बाद लाठी-डंडे से पिटाई शुरू कर दी. खनिज अधिकारी किसी तरह से अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकले. उनके वाहन में भी तोड़फोड़ की गई है.
उग्र हो रहे रेत माफिया
खनिज अधिकारी संदीप नायक ने मामले की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई है. रेत माफियाओं से बचकर इलाज कराने के बाद खनिज अधिकारी ने बताया कि वो जांच पर निकले थे. तभी सड़क पर रेत का भंडारण दिखाई दिया. जिसकी जांच करने रूक गए. उसी दौरान उन पर हमला हो गया. उन्होंने बताया कि जिले में रेत कारोबार करने वाले उग्र हो रहे हैं.
हमला करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए खनिज अधिकारी पर हमला करने वाले सभी 4 अरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. चारों अरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौच और मारपीट का मामला दर्ज किया गया है. कुछ घंटे के भीतर ही पुलिस ने अरोपियों को धर दबोचा.