महासमुंद । 26 मार्च को बम्हनी में हुए महिला के अंधे कत्ल की गुत्थी कोतवाली पुलिस अब तक नहीं सुलझ पाई है। पुलिस मामले में परिजनों और ग्रामीणों समेत लगभग 50 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है लेकिन अभी तक हत्या का सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए हर एंगल से जांच कर रही है।
एसडीओपी नारद सूर्यवंशी और थाना प्रभारी शेर सिंह बंदे ने बताया कि मामला अभी विवेचना में है। जमीन, अवैध संबंध, परिवारिक विवाद के साथ-साथ चार अलग -अलग एंगल से जांच की जा रही है। हालांकि सभी मामलों में जांच के बाद कुछ नहीं मिल पाया है जिसमें हत्या की वजह और हत्या करने वाले का सुराग मिल पाए।
अभी टीम को एक मुद्दे में कुछ क्लू मिलने का संदेह है जिस पर जांच की जा रही है। हालांकि इसे फिलहाल बताना संभव नहीं है। प्रयास जारी है इस अंधे कत्ल की गुत्थी जल्द से जल्द सुलझाई जा सके। ज्ञात हो कि बीते 26 मार्च की रात अज्ञात ने ग्राम बम्हनी में घर घुसकर रसोई घर में खाना बना रहीं संतोषी यादव की धारदार हथियार से हत्या कर दी।
घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी थी। मामले में फारेंसिंक और डॉग स्क्वायड की टीम भी मौके की जांच कर चुकी है। बावजूद कोई सुराग नहीं मिल पाया है। कोतवाली पुलिस अलग-अलग मामले को सुलझाने का प्रयास कर रही है।