{{खुलासा छत्तीसगढ़}}कोरोना काल के बीच एयरटेल 5.5 करोड़ ग्राहकों को दे रहा 49 रुपये का फ्री रिचार्ज पैक….
नई दिल्ली, 17 मई। टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल ने अपने कम आय वाले ग्राहकों बड़ा एलान किया है। कंपनी ने रविवार कहा कि महामारी के दौरान एक-दूसरे से जुड़े रहने में मदद करने के लिए वह कम आय वाले अपने 5.5 करोड़ ग्राहकों को 49 रुपये का रिचार्ज पैक फ्री देगी।
दूरसंचार कंपनी ने कहा कि इस 270 करोड़ रुपये की स्कीम से कम आय वाले ग्राहकों को कोविड -19 के प्रभाव से निपटने में मदद मिलेगी। इसके अलावा 79 रुपये का रिचार्ज कूपन खरीदने वाले ग्राहकों को अब डबल बेनिफिट मिलेगा। टेलीकॉम ऑपरेटर ने कहा कि इस 270 करोड़ रुपये की स्कीम में 5.5 करोड़ कम आय वर्ग के ग्राहकों के लिए 49 रुपये प्लान का क्रेडिट भी शामिल है।
पैक में 28 दिन की वैलिडिटी और 38 रुपये का टॉकटाइम
कंपनी ने एक स्टेटमेंट में कहा कि “एयरटेल 5.5 करोड़ अधिक कम आय वाले ग्राहकों को एक बार मदद के रूप में 49 रुपये का पैक फ्री देगी। इस पैक में 28 दिनों की वैधता के साथ 38 रुपये का टॉकटाइम और 100 एमबी डेटा मिलता है। कंपनी ने इशारा किया कि इसमें ज्यादातर ग्राहक ग्रामीण क्षेत्र में हैं।”
कंपनी ने कहा कि आने वाले सप्ताह में एयरटेल प्रीपेड ग्राहकों के लिए इसका फायदा मिलेगा और वह नेटवर्क से जुड़े रहेंगे। उन्हें जरूरत पड़ने पर कोविड-19 से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिल पाएगी।