रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने शिक्षक संघ के पदाधिकारियों को घर से उठाकर पुलिस हिरासत में लिए जाने की बात कही थी. जिस कारण डीएड बीएड संघ ने आंदोलन को स्थगित कर दिया. अब रायपुर पुलिस ने रमन सिंह के ट्वीट का जवाब दिया है. रायपुर पुलिस ने कहा कि जानकारी सही नहीं है. शिक्षक भर्ती के किसी भी अभ्यर्थी को गिरफ़्तार नहीं किया गया है.
पूर्व सीएम रमन सिंह ने सोमवार को ट्वीट कर कहा था कि मुझे सूचना मिली है कि शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर अभ्यर्थी 8 जून को आंदोलन करने वाले थे, लेकिन पुलिस ने शिक्षक संघ के पदाधिकारियों को घर से उठाकर हिरासत में ले लिया. @bhupeshbaghel जी असहमति और अभिव्यक्ति की आवाज़ को दबाकर लोकतंत्र का गला घोंट रहे हैं. बेहद शर्मनाक

14 हजार 580 शिक्षक भर्ती का है पूरा मामला
पिछले 27 महीने से नियुक्ति धारी शिक्षक बेरोज़गार है. नियुक्ति पत्र दे दिया गया है, लेकिन नियुक्ति नहीं दी जा रही है. इसलिए आज डीएड बीएड संघ राज्यस्तरीय प्रदर्शन करने वाले थे. लेकिन प्रशासनिक दबाव के बीच आंदोलन को रद्द करना पड़ा. शिक्षक संघ करीब ढाई साल से नौकरी दिए जाने की मांग कर रहा है.
बीएड डीएड संघ के प्रदेश अध्यक्ष दाउद खान ने बताया कि प्रदेश में 14 हजार 580 शिक्षकों का चयन हो चुका है, मगर भर्ती नहीं हो रही. इससे पहले सभी शिक्षक किसी न किसी प्राइवेट स्कूल में नौकरी कर रहे थे, सभी ने इस आस में नौकरी छोड़ दी कि उन्हें सरकार की तरफ से रोजगार मिलना था. अब कोई दूसरी नौकरी इसलिए नहीं मिलती क्योंकि ये उम्मीदवार चयनित हैं, लॉकडाउन में सभी शिक्षकों की माली हालत और भी खराब हो गई मगर सरकार ने ध्यान नहीं दिया