(खुलासा छत्तीसगढ़)रायपुर शहर के कोटा इलाके में रहने वाले एक शातिर युवक ने 6 बेरोजगारों को नौकरी का झांसा देकर उनसे 19 लाख रुपए ऐंठ लिए। अब आरोपी लापता है। आरोपी ने ठगी का जाल बुनने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री शिव डहरिया के चेहरे का इस्तेमाल किया। ठग ने युवकों से कहा कि वह मंत्री डेहरिया का रिश्तेदार है, जहां चाहे वहां एक फोन करके नौकरी लगवा सकता है, लेकिन बदले में रुपए देने होंगे। इसकी बातों में आकर युवकों ने मुंह मांगी कीमत दे दी।
साइबर सेल की ली जा सकती है मदद
युवकों पर प्रभाव जमाने के लिए ठग ने खुद को छत्तीसगढ़ के कुछ IAS ऑफिसर दोस्त बताया था। कई तरह के फर्जी सरकारी दस्तावेज दिखाता था ताकि बेरोजगार इसके जाल में पूरी तरह से फंसे रहे। अब जब आरोपी लापता हो गया है तो ठगी का शिकार हुए युवक पुलिस के पास पहुंचे हैं। सरस्वती नगर थाने में इसकी शिकायत दर्ज की गई है। रविवार को यह मामला सामने आने के बाद सोमवार को इस पूरे केस की नए सिरे से जांच पुलिस शुरू कर रही है, इस केस में साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार किया जा सके।