रायपुर। जिन शासकीय सेवकों का काम होता है जमीन को नियमागत कानूनी व्यवस्था देना यदि उनकी ही नियत डोल गई तो जमीन में फर्जीवाड़ा होना तो तय है। ऐसा ही मामला सामने आया है गरियाबंद में एक पटवारी ने तहसील की ही जमीन का सौदा कर दिया। उसके फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन किसी अन्य के नाम दिखाई और फिर उसे बेच दिया। 7 साल बाद जब उस सरकारी जमीन पर निर्माण कार्य शुरू हुआ तो फर्जीवाड़ा सामने आया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पटवारी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक अन्य आरोपी की पहले मौत हो चुकी है। मामला छुरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, प्रदीप पांडेय और भूपेंद्र सेन ने साल 2014 में तहसील कार्यालय के पीछे राजापारा निवासी रमेशर व बिसेशर से खसरा नंबर 121 की 0.07 हेक्टेयर जमीन खरीदी थी। इस जमीन के लिए दोनों ने 60-60 हजार में सौदा किया था। आरोप है कि इसके बाद जब इस भूमि पर दोनों ने निर्माण कार्य शुरू कराया तो पता चला कि वह सरकारी जमीन है। धोखाधड़ी का अहसास होने पर दोनों ने थाने में मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि रमेशर और बिसेशर ने पटवारी नटेश्वर नायडू के साथ मिलकर इस पूरे मामले को अंजाम दिया है। सरकारी जमीन के फर्जी तरीके से दस्तावेज तैयार किए गए और फिर रमेशर व बिसेशर के नाम पर नामांतरण किया गया। आरोपी पटवारी ने उनके नाम पर ऋण पुस्तिका भी जारी कर दी। उसके बाद आरोपियों ने इस जमीन को प्रदीप पांडेय और भूपेन्द्र सेन को बेच दिया था।
जांच में भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने पटवारी नटेश्वर नायडू और शहर के राजापारा निवासी रमेशर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक अन्य आरोपी बिसेशर की पहले ही मौत हो चुकी है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। जिस जमीन के धोखाधड़ी का मामला है, उसकी कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।
लाखों की शासकीय जमीन पटवारी ने ही बेंच दी.. गिरफ्तार
ढाई साल में कितने बदलाव हुए छत्तीसगढ़ में ?
रायपुर: छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल की अगुवाई में कांग्रेस सरकार को आज ढाई साल पूरे हो गए, या ये कहें कि बीजेपी को सत्ता से दूर हुए ढाई साल बीत गए। लिहाजा बीजेपी नेताओं ने बकायदा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर हमला बोला और अधूरे वादों को लेकर सवालों की झड़ी लगा दी। विपक्ष ने राज्य सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग भी की। बीजेपी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर मंत्री रविंद्र चौबे जमकर बरसे और पलटवार किया कि हाईकमान की प्रताड़ना से बचने बीजेपी नेता मीडिया के सामने आ रहे हैं। ढाई साल पूरे होने पर वार-पलटवार के इतर भूपेश सरकार के कामकाज की समीक्षा करना भी स्वाभाविक है। सवाल है कि ढाई साल में कितना बदला छत्तीसगढ़? अपने वादों को पूरा करने और कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने में सरकार का परफारमेंस कैसा रहा?
छत्तीसगढ़ में भूपेश सरकार को ढाई साल पूरे होने पर है। सरकार की वादाखिलाफी को मुद्दा बनाकर बीजेपी जहां सरकार पर निशाना साधने का मौका नहीं छोड़ रही, तो सत्ता पक्ष भी इस अहम पड़ाव पर अपनी उपलब्धियों को गिनाने के साथ विपक्ष के हर वार का जवाब दे रही है। दरअसल आज से ठीक ढाई साल पहले 17 दिसंबर को भूपेश सरकार ने छत्तीसगढ़ में अपना 15 साल का वनवास खत्म किया था। इन ढाई साल में सरकार ने जनता से किए 36 चुनावी वादों में से प्राथमिकता वाले वादों को पूरा किया है। इसमें किसानों को धान का 25 सौ रुपए, ऋणमाफी, बिजली बिल हाफ और सिंचाई ऋण मुख्य रुप से शामिल है। अनियमित कर्मचारियों को नियमितिकरण, बेरोजगारी भत्ता जैसे अन्य वादों को पूरा करने के लिए प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। सरकार को डेढ़ साल कोरोना संक्रमण काल की चुनौतियों से भी निपटना पड़ा। इस कठिन दौर में भीसरकार ने किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना की 15 सौ करोड़ और गोधन न्याय योजना की राशि दी है। लेकिन शराबबंदी के मुद्दे पर वो लगातार विपक्ष के निशाने पर है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन देकर सरकार को शऱाबबंदी का मुद्दा याद दिलाया, तो दूसरी ओर बीजेपी नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार की वादाखिलाफी पर जमकर निशाना साधा।
बीजेपी नेताओं के आरोपों पर मंत्री रविन्द्र चौबे ने पलटवार करते हुए कहा कि हाईकमान के प्रताड़ना और अंतरकलह से उबरने के लिए एक साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे है। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग पर रविंद्र चौबे ने कहा कि राज्य सरकार को बीजेपी की सर्टिफिकेट की जरुरत नहीं है।
कुल मिलाकर भूपेश सरकार के ढाई साल के कार्यकाल को देखें, तो उसका सबसे ज्यादा फोकस किसानों पर रहा है। लेकिन अब अगले विधानसभा चुनाव में ढाई साल का वक्त ही बचेगा। ऐसे में उसे शराबबंदी और बेरोजगारी जैसे संवेदनशील मुद्दों पर जल्द रणनीति बनानी होगी, जिसे लेकर बीजेपी लगातार उस पर सवालों की बौछार कर रहा है।
तेल,रसोई गैस,पेट्रोल,की बढ़ती कीमत को लेकर,कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन।
रायपुर। संसदीय सचिव एवं विधायक विकास उपाध्याय आज देश में पेट्रोल, तेल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर राजधानी रायपुर में सैकड़ों की संख्या में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नेताओं के साथ जबरदस्त प्रदर्शन किया। कांग्रेस के कार्यकर्ता बाईक एवं रसोई गैस की खाली टंकी को घसीटते हुए घड़ी चौक से भाजपा कार्यालय ले जाकर भाजपा के शीर्ष नेताओं के सुपुर्द करने वाले थे, परन्तु लालगंगा के समीप पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। जहाँ केन्द्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी कर कांग्रेस के लोगों ने जनता का ध्यान आकृष्ट करते हुए घण्टों प्रदर्शन किया।
संसदीय सचिव एवं विधायक विकास उपाध्याय भाजपा नेताओं के कथनी व करनी को जनता के सामने बेनकाब करने आज तेल की बढ़ती कीमतों व रसोई गैस को लेकर जबरदस्त प्रदर्शन किया। आज जब भाजपा कार्यालय में प्रदेश के शीर्ष सभी भाजपा नेता मौजूद थे, उसी वक्त विकास उपाध्याय ने तय किया कि सैकड़ों की संख्या में बाईक को खींचते हुए, खाली रसोई गैस सिलेण्डर के साथ उन्हें सौंपेंगे और तय समयानुसार विकास उपाध्याय के नेतृत्व में भारी संख्या में कांग्रेस के लोग घड़ी चौक में उपस्थित हो गए थे। जहाँ से महंगाई के विरोध में आन्दोलन की शुरूआत करते हुए विकास उपाध्याय भाजपा की मोदी सरकार के खिलाफ ‘‘मस्त राम मस्ती में आग लगे बस्ती में’’ के नारेबाजी के साथ भाजपा कार्यालय की ओर घसीटते बाईक के साथ बढ़ते गए। साथ चल रहे ऑटो-रिक्शा में मोदी की निश्चिन्त होकर सो रहे तस्वीर लोगों को आकर्षित कर रही थी। इस बीच लालगंगा के समीप भारी पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को रोक दिया, जहाँ घण्टों नारेबाजी होते रही।
विकास उपाध्याय ने कहा, एक समय वो था जब डाॅ. रमन सिंह पूरे मंत्री मण्डल के साथ महज कुछ पैसे पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर सायकल चलाते विरोध किया करते थे, परन्तु आज बढ़ोतरी 100 रूपये तक पहुँच गई है और इससे केन्द्र सरकार 26 लाख करोड़ मुनाफा कमा चुकी है। दूसरी तरफ देश की जनता लाॅकडाउन से लेकर संक्रमण काल में जूझ रहे आर्थिक तंगी से बेहाल है और उस स्थिति में आ गई है कि बाईक को घसीटने की नौबत पड़ रही है। जिसका जिम्मेदार भाजपा है। उन्होंने कहा, 100 दिन में महंगाई कम करने वाली मोदी सरकार आज जनता को इस हालत में पहुँचा दिया है कि दो रोज की रोटी के लिए सोचना पड़ रहा है। इसके बावजूद भाजपा के लोग जगह-जगह ताण्डव नृत्य करते नजर आ रहे हैं। विकास उपाध्याय ने आज ऐलान किया है कि अब महंगाई के विरोध में आन्दोलन और तेज किया जाएगा और यह तब तक जारी रहेगी, जब तक भाजपा सत्ता से बेदखल नहीं हो जाती। आज के इस प्रदर्शन में प्रमोद दुबे, प्रमोद चैबे, श्रीकुमार मेनन,सूर्यमणी मिश्रा,कन्हैया अग्रवाल,महेश शर्मा, संजय पाठक, महेन्द्र छाबड़ा, सलाम रिजवी, गुरजीत सिंह संधु, सुनीता शर्मा, बबीता नत्थानी, दाऊलाल साहू, प्रकाश जगत,प्रवीण झा, अन्नू साहू, मणीराम साहू, आरती उपाध्याय, शिव श्याम शुक्ला, माधुरी यदु, अशोक ठाकुर, हरपाल भामरा, सौमित मिश्रा,विनोद कश्यप,भावेश शुक्ला, शांतनु झा,अरुणेश मिश्रा, धीरज बैस, योगेश दीक्षित, इम्तीयाज हैदर, तोरण साहू, रवि राव, अनिल बर्गे, सुरेश मिश्रा, कमलाकान्त शुक्ला, प्रकाश माहेश्वरी, रमाकान्त शर्मा, सोहन शर्मा, ईश्वरी नामदेव, पुष्पेन्द्र परिहार, हरिश साहू, प्रगति वाजपेई, हाजरून बानो, मनीषा शर्मा सहित हजारों की संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
मौसम विभाग:आंधी तूफान बारिश की चेतावनी,16 जिलों में अलर्ट जारी किया गया,जानिए कौन से जिले हैं..
बिलासपुर – मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। अगले 4 घंटे में गरज चमक के साथ अंधड चलने और आकाशीय बिजली गिरने की सम्भावना है। छत्तीसगढ़ के 16 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। सरगुजा, जशपुर, बिलासपुर, मुंगेली, कवर्धा, बेमेतरा, जांजगीर, कोरबा, रायगढ़, राजनांदगाँव, दुर्ग, रायपुर, बलौदाबाजार, महासमुंद, नारायणपुर, बीजापुर और इनसे लगे जिलों में अगले 4 घंटे में गरज चमक के साथ अंधड चलने और आकाशीय बिजली गिरने की सम्भावना है।
एक ऊपरी हवाका चक्रीय चक्रवाती घेरा पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास 3.1 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। एक द्रोणिका पश्चिम राजस्थान से उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी तक उत्तर पश्चिम मध्य प्रदेश, दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश, दक्षिण बिहार, झारखंड, गंगेटिक पश्चिम बंगाल होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है । हवा का एक चक्रीय चक्रवाती घेरा गंगेटिक पश्चिम बंगाल और उसके आसपास 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।
प्रदेश में कल दिनांक 18 जून को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा तथा एक दो स्थानों पर अति भारी वर्षा हो सकती है। प्रदेश में गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और अंधड चलने की भी संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः उत्तर छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है।
नौकरी लगाने का झांसा देकर बेरोजगार से ठगे सात लाख
बिरगांव नगर निगम के पार्षद हरेंद्र शर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज। प्रार्थी ने स्वयं को शिक्षित बेरोजगार बताया है।
राजधानी रायपुर में एक बार फिर नौकरी लगाने का झांसा देकर लाखों रुपए ऐंठने का मामला सामने आया है। इस मामले में आरोपित पार्षद पति है, जिसके खिलाफ खमतराई थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सरायपाली, महासमुंद निवासी दुखनाशन मानिकपुरी ने बिरगांव नगर निगम के पार्षद हरेंद्र शर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है कि हरेंद्र ने लेबर इंस्पेक्टर के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर सात लाख रुपयों की धोखाधड़ी की है। प्रार्थी ने स्वयं को शिक्षित बेरोजगार बताया है व वर्ष 2018 में श्रम निरीक्षक(लेबर इंस्पेक्टर) में भर्ती के लिए विज्ञापन निकलने पर फार्म भरने की बात कही।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में लगातार ठगी के मामले सामने आ रहे हैं। पिछले दिनों एक ड्राइवर के बेटे को नौकरी दिलाने के नाम पर दो लाख रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। ठगी की इस वारदात को किसी और ने नहीं, बल्कि गब्बर ने अंजाम दिया है। यह सुनकर आप जरूर चौंक जाएंगे लेकिन यह सच है। लेकिन यह आरोपित शोले फिल्म का गब्बर सिंह नहीं बल्कि सिद्धार्थ बंगानी है, जिसने अपने फेसबुक अकाउंट में अपना नाम (गब्बर) रखा हुआ है।
महंगाई पर अब देश की यही पुकार, बस करो सरकार

महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा है। सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत, राज्यसभा सदस्य छाया वर्मा, राज्यसभा सदस्य और महिला कांग्रेस अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम बुधवार को राजीव भवन में पत्रकारों से मुखातिब हुईं। कहा-बहुत हुई महंगाई की मार, अबकी बार मोदी सरकार के नारे के साथ सत्ता पर आई भाजपा के राज में देश की हालत ऐसी हो गई है कि पूरा देश बस करो मोदी सरकार, रहम करो मोदी सरकार जैसे नारे लगाने पर बाध्य हो गया है।
देश में बढ़ती महंगाई महिलाओं की रसोई में घुस आई है। एक वक्त था आदमी कहता था कि दाल रोटी खाएंगे प्रभु के गुण गाएंगे। अब भाजपा सरकार के सात साल बाद आलम यह है कि दाल रोटी भी बहुत मुश्किल से मिल पा रही है। रसोई के नमक, तेल मसाले के साथ-साथ अन्य खाद्य पदार्थों और घरेलू गैस के दाम में बेतहाशा वृद्धि हुई है। महंगाई को लेकर भाजपाइयों ने अर्धनग्न होकर भी प्रदर्शन किया था, लेकिन आज वे शर्म के मारे किसी को मुंह दिखाने के काबिल तक नहीं रह गए हैं।
फूलोदेवी नेताम ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कीमत नियंत्रण के लिए किए गए उपाय जमीन पर कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। न सरकार इस बारे में कोई बात कर रही है। भाजपा की वो नेत्रियां भी चुप्पी साधे बैठी हुई हैं, जो गले में गैस सिलेंडर टांगें प्रदर्शन कर रही थीं। वो तमाम सेलिब्रिटी भी खामोश हैं, जो नियमित रूप से इंटरनेट मीडिया पर कराह रहे थे।
पिछले एक साल में गैस सिलिंडर के दाम 594 रुपये से बढ़कर आज 890 रुपये हो गए हैं। सरकार ने गरीबों को उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन का लालच दिया था, लेकिन अब उनके पास गैस सिलिंडर रिफिल करवाने तक के पैसे नहीं हैं। छत्तीसगढ़ में दो प्रतिशत लोग भी उज्ज्वला के सिलिंडर नहीं भरवा पा रहे हैं।
राजधानी रायपुर में सरसों तेल की कीमत 180 रुपये से लेकर 200 रुपये तक है जबकि पिछले साल इसी वक्त सरसों के तेल की खुदरा कीमत 120 रुपये प्रति लीटर थी। पत्रकारवार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, प्रदेश उपाध्यक्ष गिरीश देवांगन, प्रदेश महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला और प्रदेश प्रवक्ता घनश्याम राजू तिवारी सहित अन्य मौजूद थे।
छत्तीसगढ़ में बारिश के आसार, कुछ स्थानों पर भारी वर्षा तो कुछ स्थानों पर पड़ेंगे छींटे
छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्थानों पर आज बारिश होने के आसार है. प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है, तो कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने के आसार हैं. एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ वज्रपात होने की भी संभावना है.
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने कहा कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा गंगेटिक पश्चिम बंगाल और उससे लगे बांग्लादेश के ऊपर 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है. निम्न दाब का क्षेत्र पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे लगे हुए बिहार के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है.
वहीं एक द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर दक्षिण पंजाब से उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य बिहार, दक्षिण असम, उत्तर गंगेटिक पश्चिम बंगाल तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. इस वजह से छत्तीसगढ़ में भी बारिश होने के आसार हैं.
महंगे पेट्रोल-डीजल के खिलाफ आंदोलन
कांग्रेस का अनोखा आंदोलन: कांग्रेस की अपील- महंगाई के खिलाफ 18 जून को दोपहर 12 बजे पांच मिनट के लिए जहां हैं, वहीं थम जाएं
पेट्रोल और डीजल में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन जारी है। कांग्रेस ने 18 जून को अनोखे प्रदर्शन की तैयारी की है। यह पांच मिनट का चक्का जाम होगा। कांग्रेस लोगों से कह रही है कि उस दिन पांच मिनट के लिए जहां हैं वहीं थम जाएं।
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने लोगों से आह्वान किया है कि सभी 18 जून को दोपहर 12 बजे 5 मिनट के लिये जहां है वहीं थम जाएं। इस चक्का जाम से मंहगाई का विरोध करें। कांग्रेस अध्यक्ष ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी चक्काजाम को सफल बनाने में जुटने को कहा है। पार्टी की ओर से भी इसके निर्देश जारी किए जा रहे हैं। कोरोना काल में बड़ा प्रदर्शन आयोजित नहीं कर पाने की मजबूरी में कांग्रेस इस तरह के प्रयोग कर रही है। 20 जून को महिला कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ वर्चुअल प्रदर्शन की घोषणा की है। इसके तहत महिलाएं सोशल मीडिया में विरोध करती तस्वीरें और संदेश डालेंगी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद करेंगी।
इससे पहले पेट्रोल पंपों पर दिया था धरना
इससे पहले कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल में महंगाई के विरोध में पेट्रोल पम्पों पर ही धरना दिया था। 11 जून को प्रदेश भर में यह धरना हुआ। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम खुद रायपुर के शास्त्री चौक स्थित पेट्रोल पम्प के पास धरना देने बैठे थे।
अलग-अलग क्षेत्रो में लगातार प्रदर्शन
कांग्रेस विधायक विकास उपाध्याय रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में महंगाई के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस नेता विनोद तिवारी भी अनोखे अंदाज में पेट्रोल-डीजल की महंगाई का विरोध कर रहे हैं। एनएसयूआई और युवा कांग्रेस भी इस मुद्दे पर अलग-अलग क्षेत्रों में प्रदर्शन कर रही है।

लाखों की चोरी, दिनदहाड़े मकान से सोने-चांदी के जेवर और नकदी ले उड़ा चोर
राजधानी के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े सूने मकानों में लाखों की चोरी हुई है। हाउसिंग बोर्ड कालोनी के ब्लाक एक के दो मकान में चोरी की घटना हुई है। एक मकान में नकदी रकम, मोबाइल, सोने-चांदी के जेवर की चोरी, जबकि दूसरे मकान में नकदी और अहम दस्तावेज की चोरी हुई है। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज किया है। डाग स्काड की टीम की मदद से मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हाउसिंग बोर्ड कालोनी के ब्लाक एक के दो मकानों का ताला एक साथ तोड़ा गया है। बिल्डिंग के पहली मंजिल के मकान नंबर तीन का ताला तोड़कर लगभग पांच हजार नकदी समेत एटीएम कार्ड चोरी किया गया।
साथ ही पांचवी मंजिल के मकान नंबर 13 से नकदी, मोबाइल फोन और सोने-चांदी के जेवर चोरी हुए। जिसमें कान के झुमके, तीन अंगूठी, पायल और बच्चों के सोने की चूड़ी शामिल है। इसकी कीमत लगभग ढाई लाख रुपए बताई जा रही है। हाउसिंग बोर्ड कालोनी में चोरी की यह घटना बुधवार दोपहर में घटी।
रास्ते में फेका मिला घर से चोरी गया पर्स
मकान नंबर 13 से हुए चोरी में महिला का पर्स वीआईपी क्लब के रास्ते की तरफ फेंका गया था। जिसे राहगीर ने देखकर उसमें रखें पहचान पत्र के आधार से कुछ घंटों बाद कालोनी लेकर पहुंचा था। सीसीटीवी फुटेज में पीछे तरफ की दीवार से एक अज्ञात व्यक्ति अंदर आता नजर आ रहा है।
डाग स्काड की स्पेशल टीम भी कर रही जांच
खम्हारडीह थाना प्रभारी ममता अली शर्मा ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड कालोनी में चोरी की घटना सामने आई है। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। डाग स्काड की स्पेशल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। मामले में चोरी का अपराध दर्ज कर पुलिस विवेचना कर रही है।
पीछा कर रहे थानेदार की गाड़ी पंचर हुई तो बदमाशों ने लौट उन्हीं से की मारपीट, कोविड सेंटर से फरार समेत सभी आरोपी गिरफ्तार
बलौदा बाजार, 16 जून। प्रदेश में लगातार बढ़ते जा रहे अपराध ग्राफ अब चिंता का विषय बनते जा रहे हैं।बालौदा बाजार में एक महिला को बचाने के चक्कर में आरोपियों का पीछा कर रहे थानेदार से मारपीट कर बदमाश भाग निकले।
दरअसल, राधा देवांगन नाम की महिला के घर में 7-8 लड़के रॉड और डंडा लेकर घुस आए थे, वहां मारपीट करने के साथ ही अभद्रता भी कर रहे थे। शिकायत मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। वहां महिला ने बताया कि पुलिस को आता देखकर बदमाश भाग निकले हैं। जिसके बाद थाना प्रभारी रात्रे ने आरोपियों का पीछा शुरू किया तो रास्ते में गाड़ी पंचर हो गई। उन्होंने सिपाही को गाड़ी बनवाने थाना से सामान लेने भेज दिया। इतने में आरोपी फिर आ पहुंचे और रात्रे के साथ खड़े युवक राज देवांगन की पिटाई शुरू कर दी। इस पर बीच बचाव कर रहे रात्रे पर सभी आरोपी टूट पड़े और रॉड व डंडे से उनकी पिटाई कर दी। वापस लौटे सिपाही को देख आरोपी भाग निकले। सिपाही ने ही प्रभारी को अस्पताल पहुंचाया है।बताया गया कि सोमवार की रात करीब 11ः30 बजे भटगांव थाना प्रभारी एचआर रात्रे को सूचना मिली कि सलौनीकला निवासी राधा देवांगन के घर में 7-8 लड़के रॉड और डंडा लेकर घुस आए हैं। वह मारपीट करने के साथ ही अभद्रता कर रहे हैं। इस पर थाना प्रभारी रात्रे अपने साथ एक सिपाही यदुनाथ को लेकर सरकारी गाड़ी से मौके पर पहुंचे। वहां महिला ने बताया कि पुलिस को आता देखकर बदमाश भाग निकले हैं। थाना प्रभारी से मारपीट मामले में पुलिस ने 8 आरोपियों उमेश पनका, प्रताप टंडन, अप्पू पनका, विशाल सतनामी, खड़क सतनामी, ननकू पनका सहित दो नाबालिगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इनमें से नाबालिग सहित उमेश पनका, प्रताप टंडन व अप्पू पनका अगले दिन पकड़े गए। जांच में संक्रमित मिले तो पुलिस ने गोविंदबन बिलाईगढ़ के कोविड सेंटर में उन्हें भर्ती कराया। वहां से देर रात फिर आरोपी भाग निकले, जिन्हें आज सुबह पकड़ा गया है।








