राजनांदगांव: हाल ही में कोरोना के नये आंध्र स्ट्रेन जो 15 गुना अधिक संक्रामक पाया गया है, को लेकर प्रशासन अलर्ट है। जिले के सभी बॉर्डर्स पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ कर दी गई है। बार्डर में 72 घंटे के भीतर हुए आरटीपीसीआर सैंपल के बिना प्रवेश वर्जित किया गया है।
मानपुर के कोहका स्थित चेक पोस्ट पर मेडिकल, वन विभाग, पुलिस प्रशासन की नियमित ड्यूटी लगाई जा रही है। अनुभागीय अधिकारी सीपी बघेल के निर्देशानुसार मौके पर तहसीलदार सुरेंद्र कुमार उर्वशा, नायब तहसीलदार सृजल साहू, थाना प्रभारी गणेश यादव, चंदन राजपूत द्वारा वस्तुस्थिति का जायजा लिया गया। विशेष रूप से हैदराबाद से आने वाले सभी यात्रियों का आरटीपीसीआर सैंपल लेने के लिए निर्देशित किया गया है।
कोरबा: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा कोविड-19 जाँच रिपोर्ट में विलंब की दशा में कोरोना के लक्षण वाले लोगों के उपचार के संबंध में दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोविड-19 जाँच रिपोर्ट में विलंब की दशा में लक्षणात्मक व्यक्तियों के उपचार के संबंध में दिशानिर्देश जारी किए गए हैं।
साथ ही कोरोना जांच करा चुके व्यक्ति को जांच रिपोर्ट मिलने तक प्रतिदिन 3 से 4 लीटर गुनगुना पानी पीने, दिन में तीन बार भाप लेने, आठ घण्टें की नींद लेने, 45 मिनट व्यायाम करने या टहलने की सलाह दी गई है। कोरोना जांच रिपोर्ट मिलने तक व्यक्ति को आक्सीजन सेचुरेशन की स्थिति को मॉनिटर करने तथा 94 प्रतिशत से कम आक्सीजन सेचुरेशन की स्थिति या सांस लेने में तकलीफ होने की स्थिति में डॉक्टर को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी दिशानिर्देश में उल्लेखित है कि राज्य में कोविड-19 की संक्रमण की दर बढ़ी हुई है। कोविड-19 के लक्षणात्मक व्यक्तियों की कोविड जाँच रिपोर्ट विलम्ब से प्राप्त होने की दशा में कोविड रोग की रोकथाम के लिए ऐसे व्यक्तियों कोे कोरोना के प्रोफाइलेक्सिस डोज दिया जा सकता है।
राज्य स्तरीय ट्रीटमेंट समिति द्वारा प्रस्तावित किया गया है कि आइवरमेकटिन, डाकसीसाइक्लिन, पैरासिटामोल, विटामिन सी, जिंक टेबलेट दवाईयाँ संबंधित व्यक्ति को तत्काल उपलब्ध कराई जाए तथा दवाओं के उपयोग के सम्बंध में जानकारी दी जाए। राज्य शासन द्वारा जारी निर्देशानुसार अगर किसी वजह से रिपोर्ट में देरी हो रही है तो लक्षण के आधार पर दवाएं दी जा सकती है। राज्य सरकार ने इसे लेकर 5 दवाओं की लिस्ट जारी की है, जिसे प्राम्भिक लक्षण के आधार दिया जा सकता है।
कोरोना जांच करा चुके कोरोना के लक्षण वाले व्यक्तियों की कोरोना जांच रिपोर्ट विलम्ब से प्राप्त होने की दशा में व्यक्ति को आइवरमेक्टिन 12 एमजी खाने के बाद दिन में एक बार पांच दिन तक, डाॅक्सी साइक्लिन 100 एमजी खाने के बाद दिन में दो बार सात दिन तक, पैरासीटामाॅल 650 एमजी खाने के बाद दिन में चार बार तीन दिन तक तीन दिन के बाद यदि बुखार या शरीर में दर्द होने पर दिया जा सकता है। इसी प्रकार विटामिन सी 500 एमजी खाने के बाद दिन में दो बार दस दिन तक और जिंक टेबलेट 50 एमजी खाने के बाद दिन में एक बार दस दिन तक जांच रिपोर्ट में विलम्ब वाले लोगों को दिया जा सकता है।
अम्बिकापुर: कलेक्टर संजीव कुमार झा के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षत्रो में भी नियम तोडने वालों पर कार्यवाही की जा रही है । इसी कड़ी में दरिमा तहसीलदार श्री भूषण सिंह मण्डावी के नेतृव में राजस्व और पुलिस की टीम द्वारा गुरुवार को ग्राम सोनबरसा में हो रहे शादी घर का निरीक्षण किया गया। शादी घर में अनुमति से ज्यादा भीड़ पाया गया व नियम विरुद्ध घसिया बाजा शादी समारोह में लगाया गया था जिसमें बाजा वालो की ही संख्या 10 था।
इसके साथ ही टेंट लगाकर भीड़ इकट्ठा किया गया था जिसे जब्ती की कार्रवाई कर ग्राम पंचायत की सुपुर्द किया गया व नियम विरुध्द विवाह समारोह आयोजन करने पर शादी घर के प्रमुख से चलानी कार्यवाही करते हुए 1000 का जुर्माना लगाया गया। इसी प्रकार ग्राम टपरकेला में भी कोविड नियमों का पालन न कर विवाह का आयोजन किया जा रहा था जिस पर विवाह समारोह आयोजक पर एक हजार रूपये की चलानी कार्यवाही की गई।
इसीप्रकार अम्बिकापुर तहसीलदार श्री ऋतुराज बिसेन के नेतृत्व में गुरुवार को निरीक्षण के दौरान भिट्ठीकला स्थित लक्ष्मी गारमेंट में लॉकडाउन के दौरान दुकान संचालक के द्वारा कपड़ा विक्रय किया जा रहा था। तहसीलदार ने इसे लॉकडाउन का उल्लंघन मानते हुए दुकान को सील करने की कार्यवाही की गई।
गयाः टनकुप्पा प्रकंड के गिनजोय खुर्द गांव के रहने वाले एक युवक शिवनाथ कुमार ने अपनी रूठी हुई पत्नी को मनाने के लिए फोन किया. जब वह नहीं मानी और ससुराल आने से मना कर दिया तो फोन पर बात करने के बाद शिवनाथ ने मंगलवार को फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. वह अहमदाबाद के रेलवे में ग्रुप डी में काम करता था. दो दिन पहले ही अपने घर आया. उसके आने के पहले उसकी पत्नी रोजी कुमारी मायके चली गई थी.घटना के संबंध में बताया जाता है कि अहमदाबाद से ही शिवनाथ ने अपनी पत्नी को फोन कर काफी समझाने का प्रयास किया था. घर आने के बाद भी पत्नी को फोन लगाया और काफी समझाने का प्रयास किया. दोनों के बीच हुई बातचीत के बाद युवक ने अपने कमरे में पंखे में गमछा के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी. काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने कमरा खोला तो देखा कि वह फंदे से लटका है।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण जुट गए. उसे फंदे से उतारकर डॉक्टर के पास ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. घटना को देख उसकी मां कमला देवी ने भी कीटनाशक दवा खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया लेकिन लोगों ने उसकी जान बचा ली. घटना की जानकारी होते ही फतेहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई. शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया ।
महासमुंद जिले की जेल से गुरुवार दोपहर मौका पाकर 5 कैदी भाग गए। इनमें से तीन पर लूट और डकैती का मामला चल रहा है। एक बलात्कार का आरोपी है। पांचवें को पुलिस ने ड्रग्स रखने के मामले में पकड़ा था। ये जेल की दीवार फांद कर भागे हैं। इनके फरार होते ही जेल में सायरन बज उठा। जेलर ने शहर की पुलिस को खबर की। इसके बाद अब भागे हुए कैदियों की तलाश जारी है।
शहर के हर चेकिंग प्वाइंट पर पुलिस अलर्ट है। अब हर आने जाने वाले की जांच की जा रही है। भागे हुए कैदियाों में धनसिंह, डमरूधर, राहुल, दौलत और करण शामिल हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जेल से भागने की प्लानिंग ये कैदी लंबे वक्त से कर रहे होंगे, मौका मिला तो अपनी प्लानिंग को अंजाम दे दिया।
जेलर ने स्कूटी से पीछा किया सब कुछ ठीक ही चल रहा था। महासमुंद की इस जेल में दोपहर के खाने के बाद कैदी अपने-अपने बैरक में थे। कुछ बाहर कैंपस में रूटीन के कामों में लगे थे। इसी में भागने वाले भी शामिल थे। जेल के जेलर आरएस सिंह ने बताया कि मेरे पास कर्मचारी आए और बंदियों के भागने की जानकारी दी। करीब साढ़े तीन बजे थे, मैंने जेल में अलार्म बजवाया, ड्यूटी पर तैनात दूसरे कर्मचारी भी अलर्ट हो गए। मैं अपने स्कूटर पर बंदियों के पीछे निकला, मगर वो अलग-अलग दिशा में भागने में कामयाब रहे। टीम ने उन्हें तलाशने का प्रयास किया मगर वो निकल गए। इसके बाद हमने अफसरों को इसकी जानकारी दी।
वो 30 मिनट और भाग निकले कैदी महासमुंद जिले की ASP मेघा टेंभुरकर ने पूरे घटनाक्रम की जांच की और जेल के अफसरों की इस लापरवाही पर उन्हें फटकार लगाई। कैदियों के भागने का करीब 30 मिनट का CCTV फुटेज सामने आया है। दैनिक भास्कर को ASP ने बताया कि मैंने फुटेज में देखा कि ये कैदी शॉल या कंबल को जोड़कर एक मोटी रस्सी बनाए हुए थे। इसके दूसरे छोर पर लोहे का एक एंगल लगा हुआ था। इसे वो दीवार पर फेंक रहे थे। कई बार एंगल सरककर नीचे गिर रहा था। दो से तीन बार शॉल या कंबल को जोड़कर बनी रस्सी टूट रही थी।
हर बार वो इसे भी जोड़ते दिख रहे हैं, फिर कोशिश कर रहे हैं। 5 में से 4 एंगल को दीवार पर फंसाने का काम कर रहे थे। एक इस दूसरों पर नजर रखा हुआ था। इसके बाद उनका एंगल दीवार पर फंस गया। फिर इसी के सहारे ये ऊपर चढ़े। ये सब करने में उन्हें आधे घंटे का वक्त लगा। इस वक्त यहां गार्ड की ड्यूटी लगी होने की बात सामने आई है, मगर बिना लापरवाही के ये मुमकिन नहीं हो सकता, हम जांच कर रहे हैं।
इसी हिस्से से कैदी भागने में कामयाब हो गए, अब इस पूरे मामले के सामने आने के बाद सुधार की बात कही जा रही है।
लूट और बलात्कार के हैं आरोपी पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक भागे हुए कैदी में शामिल 33 साल का धनसाय, 24 साल का डमरूधर और 22 साल का राहुल लूट के आरोपी हैं। महासमुंद में ही इन्होंने एक वारदात को अंजाम दिया था साल 2019 से ये इसी जेल में थे। इनमें से राहुल यूपी का रहने वाला है और अन्य दो महासमुंद के ही निवासी हैं। 23 साल के दौलत को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। 21 साल का करण नशीली चीजें रखने के मामले में पकड़ा गया था, ये दोनों भी महासमुंद के ही रहने वाले हैं।
21 फीट की दीवार फांदने वालों की तलाश जारी कैदियों कि भागने की सूचना मिलते ही ASP मेघा टेंभुरकर भी मौके पर पहुंचीं। वो फौरन जेल के CCTV कंट्रोल रूम में गईं। वहां अफसरों ने देखा कि बंदी दीवार फांदकर भागने कोशिश कर रहे हैं और दीवार की दूसरी ओर कूद गए। ये दीवार 21 फीट ऊंची है। इस दीवार को बड़ी आसानी कैदियों का पार कर जाना अफसरों को परेशान कर रहा है। फिलहाल पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी गई है। अब भागे हुए बंदियों की जानकारी पेट्रोलिंग टीम को दी गई है। पुलिस की खास टीमें इन्हें ढूंढने के मिशन पर हैं।
प्लानिंग में कहीं कोई अंदर का आदमी तो शामिल नहीं पुलिस अफसरों की एक टीम बंदियों की तलाश कर रही है। दूसरी टीम इस बात की जांच में जुटी है कि आखिर ये 5 आरोपी भागे कैसे। एक चर्चा ये भी है कि अंदर ही किसी कर्मचारी या किसी और पुराने बंदी ने 5 कैदियों को भागने में सहयोग किया होगा। 21 फीट ऊंची दीवार फांदना वो भी बिना किसी मदद के मुमकिन नहीं। हालांकि अफसर इस पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं, लेकिन जांच हर पहलू पर जारी है। जेल में फेंसिंग और सुरक्षा के दूसरे उपायों पर भी अब सवाल खड़े हो रहे हैं।
अफसर मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लेते दिखे, पुलिस का दावा है कि फरार कैदी जल्द पकड़ लिए जाएंगे।
जंगली इलाके का फायदा उठाकर निकले कैदियों का पीछा करने वाले एक पुलिस जवान से मिली जानकारी के मुताबिक ये बदमाश दीवार से कूदते ही तेजी से भाग रहे थे। दूसरी तरफ से पीछा करने वाली टीम निकली। जेल महासमुंद के बेमचा इलाके में स्थित है। जेल के आस-पास कुछ नहीं है। खाली जमीन और जंगली इलाका है। गांव भी दूर है। इसी का फायदा उठाकर निकलने में कैदी कामयाब रहे। अब गांव में भी पेट्रोलिंग टीम एक्टिव है, पुलिस के मुखबीरों को भी अलर्ट रहने कहा गया है।
लाखों रुपए की प्रतिबंधित कफ सिरप और नशीली टेबलेट समेत तीन तस्करों को सराईपाली पुलिस ने किया गिरफ्तार, पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश में थाना सरायपाली द्वारा संदिग्ध वाहनों पर नजर रखकर चेकिंग कर की जा रही थी उसी दौरान पुलिस को सड़क पर देख कर दो वाहन चालक अपनी मोटरसाइकिल को विपरीत दिशा में मोड़ कर भागने लगे जिसे सराईपाली पुलिस ने पीछे पीछा कर गिरफ्तार किया गिरफ्तार आरोपी अपना नाम शेख मकसुद्दीन,अशोक दुबे और बाबूलाल सागर निवासी सरायपाली बताया है पुलिस ने तीनों आरोपियों के पास से एक बैग में 500 नग ओनेरेक्स कफ सिरप और 600 अल्फसेफ नाम की नशीली टेबलेट बरामद की है जिसकी अनुमानित कीमत ₹250000 बताई जा रही है गिरफ्तार आरोपियों पर नारकोटिक की धारा 91 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
खुलासा छत्तीसगढ़ … रायपुर 6 मई 2021 बस्तर टाइगर शहीद महेंद्र कर्मा के जेष्ठ पुत्र दीपक कर्मा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुये प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा है कि ईश्वर इस दुख की घड़ी में परिवारजनों को सहनशक्ति एवं मृत आत्मा को शांति प्रदान करे। बस्तर टाइगर शहीद महेंद्र कर्मा और विधायक देवती कर्मा के जेष्ठ पुत्र दीपक कर्मा के निधन पर प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष गिरीश देवांगन, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी, महामंत्री प्रशासन रवि घोष, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला, राजेंद्र तिवारी सदस्य, रमेश वर्ल्यानी सदस्य, आर.पी. सिंह सदस्य, सुरेंद्र शर्मा सदस्य, सुशील आनंद शुक्ला सदस्य, विकास दुबे सदस्य, संदीप साहू सदस्य, नितिन भंसाली सदस्य, अधिवक्ता अमित श्रीवास्तव सदस्य ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। दीपक कर्मा के निधन पर प्रदेश प्रवक्ता घनश्याम राजू तिवारी, धनंजय ठाकुर, विकास तिवारी, मोहम्मद असलम, एडवोकेट सुरेंद्र वर्मा, एम.ए. इकबाल, वंदना राजपूत, आलोक दुबे जगदलपुर, अभय नारायण राय बिलासपुर, जनार्दन त्रिपाठी सरगुजा, कमलजीत पिंटू राजनांदगांव, कृष्णकुमार मरकाम धमतरी, प्रकाशमणि वैष्णव, अशुंल मिश्रा ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
बिलासपुर: शराब की लत लोगों की जान ले रही है। बिलासपुर में सामने आए मामले में अब तक 8 युवकों की मौत हो गई। इससे पहले रायपुर में स्प्रिट पीने से चार युवकों की मौत हो गई। वहीं अब बिलासपुर में शराब नहीं मिलने पर युवकों ने अल्कोहल युक्त सिरप पी गए।
पीने के बाद सभी की तबीयत खराब हो गई। वहीं अब एक-एक कर युवकों की मौत की खबर सामने आ रही है। यह पूरा मामला बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी के कोरमी गांव का है। जहां 9 युवकों ने होम्योपैथिक सिरप ड्रोसेरा पी गए। वहीं अब मौत की खबरें सामने आ रही है। अब तक 8 युवकों की मौत हो गई है। सभी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। 5 गंभीर का सिम्स में इलाज चल रहा है।
8 युवकों की मौत के मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सिरप का अधिक डोज सेवन करने से युवकों की मौत हो गई। बताया कि युवकों ने खांसी के इलाज में ली जाने वाली होम्योपैथिक सिरप ड्रोसेरा पीने से मौत हुई है।
होम्योपैथिक सिरप ड्रोसेरा पीने से 8 लोगों की मौत का मामला सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। इस देखते हुए आज सिरगिट्टी के कोरमी गांव में स्वास्थ्य विभाग कैंप लगाकर लोगों की स्वास्थ्य की जांच कर रहा है। मौके पर पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और आला अधिकारी गांव पहुंचे है।
दंतेवाड़ा । आखिरकार युवा लोकप्रिय नेता कल रात 3:00 बजे इस दुनिया को अलविदा कह दिया और छोड़ गए अपनी यादें लंबे समय से रायपुर के एक निजी चिकित्सालय में दीपक कर्मा का इलाज चल रहा था उन्हें लंग्स में इन्फेक्शन था पूरा दंतेवाड़ा जिला उनके लिए दुआ कर रहा था कि कब वह ठीक होकर वापस आ जाएं चिकित्सकों ने भरपूर कोशिश की लेकिन विधि का विधान ही था कि श्री कर्मा वापस नहीं लौट सके सभी के लाडले ऐसे चले जाने से प्रदेश में मातम है हम ईश्वर उनको श्री चरणों में जगह दे यही कामना करते हैं
देश में कोरोना (Corona) की दूसरी लहर और भी ज्यादा खतरनाक होती जा रही है. देश में कोरोना संक्रमित मरीजों (Corona Patient) की संख्या हर दिन नए रिकॉर्ड बना रही है. पिछले 24 घंटे में नए मरीजों और मौत के आंकड़ों ने पुराने सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं. बता दें कि पिछले एक दिन में देशभर में 4 लाख 12 हजार 262 पॉजिटिव केस (Positive Case) सामने आए हैं, जबकि 3,980 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है. ये दूसरी बार है जब एक दिन में कोरोना के 4 लाख से अधिक मामले सामने आए हैं. इससे पहले 30 अप्रैल को 4 लाख 2 हजार 14 मामले सामने आए थे. उस दिन 3525 मरीजों की मौत हुई थी.
पिछले 24 घंटे में कोरोना से होने वाली मौत के बाद देश में कोरोना महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या 2,30,168 से अधिक हो गई है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि नए मामले सामने आने के बाद कोविड-19 के कुल मामले बढ़कर 2,10,77, 410 हो गए हैं. ये आंकड़े इस लिए भी डराने वाले हैं क्योंकि पिछले 24 घंटे में ठीक हुए मरीजों की संख्या कल के मुकाबले कम हुई है. मंगलवार को 3.37 लाख मरीज ठीक हुए थे, वहीं आज 3.29 लाख मरीज ही ठीक हुए हैं.